आईआईटी कानपुर ने इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सेलेक्शन परीक्षा की व्यापक तैयारी के लिए साथी आईबीपीएस लॉन्च किया

कानपुर, 10 अगस्त, 2024: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (आईआईटीके) ने “साथी आईबीपीएस” लॉन्च करने की घोषणा की है। यह एक नवीन कार्यक्रम है जो इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सेलेक्शन (आईबीपीएस) द्वारा आयोजित बैंकिंग परीक्षाओं की तैयारी के लिए उम्मीदवारों की मदद करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। शिक्षा मंत्रालय के समर्थन से यह पहल, देश भर के आकांक्षी छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षणिक संसाधन प्रदान करती है, जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि और दूरदराज के क्षेत्रों के छात्रों को प्राथमिकता दी जाती है, ताकि समान अवसर सुनिश्चित हो और उच्चतम गुणवत्ता वाली शिक्षण सामग्री तक पहुंच बढ़े।

साथी आईबीपीएस कार्यक्रम आईबीपीएस क्लर्क परीक्षा के लिए व्यापक अध्ययन सामग्री प्रदान करता है, और निकट भविष्य में अन्य आईबीपीएस परीक्षाओं को कवर करने के लिए इसके प्रसार की योजना है। आकांक्षी समर्पित पोर्टल https://ibps.iitk.ac.in/ के माध्यम से या ऐप स्टोर या गूगल प्ले स्टोर से साथी ऐप डाउनलोड करके साथी आईबीपीएस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।

आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रोफेसर मनींद्र अग्रवाल ने कहा, “मेरा मानना है कि साथी आईबीपीएस का लॉन्च शीर्ष शिक्षा को लोकतांत्रिक बनाने के हमारे संकल्प की पुष्टि करता है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्यों के अनुरूप, छात्रों को न केवल परीक्षाओं के लिए बल्कि एक सफल भविष्य के लिए तैयार करने हेतु, देश भर के छात्रों को सशक्त बनाने के लिए प्रौद्योगिकी के सक्रिय उपयोग का उदाहरण प्रस्तुत करता है।”

परियोजना के प्रमुख अन्वेषक प्रोफेसर अमेय कार्करे ने साथी आईबीपीएस की विशिष्ट विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा, “हमारी एआई-संचालित ट्यूटरिंग प्रणाली को शामिल करके, साथी आईबीपीएस एक संरचित शिक्षण अनुभव प्रदान करता है जो प्रत्येक छात्र की विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुरूप सहजता से अनुकूलित होता है, जिससे उनकी तैयारी यात्रा के दौरान व्यक्तिगत समर्थन सुनिश्चित होता है।”

शिक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव श्री गोविंद जायसवाल ने प्लेटफॉर्म के समावेशी डिजाइन पर जोर देते हुए कहा, “साथी आईबीपीएस प्लेटफॉर्म को डिजिटल विभाजन को पाटने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जो आईबीपीएस की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक शैक्षिक वातावरण बनाता है और उनकी भौगोलिक या आर्थिक सीमाओं की परवाह किए बिना, उन्हें अपनी महत्वाकांक्षाओं में उत्कृष्टता प्राप्त करने में मदद करता है।”

आईआईटी कानपुर की इस पहल का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सभी के लिए सुलभ बनाना और बैंकिंग पेशेवरों की अगली पीढ़ी का समर्थन करना है।

आईआईटी कानपुर के बारे में:

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर की स्थापना 1959 में हुई थी और संसद के एक अधिनियम के माध्यम से भारत सरकार द्वारा इसे राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित किया गया था। आईआईटी कानपुर विज्ञान और इंजीनियरिंग में अपनी शिक्षा के उच्चतम मानक और वर्षों से अग्रणी अनुसंधान एवं विकास योगदान के लिए सर्वाधिक जाना जाता है। संस्थान का 1050 एकड़ में फैला हरा-भरा परिसर है, जिसमें 19 विभागों, 25 केंद्रों और इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन विषयों में 3 अंतःविषय कार्यक्रमों में फैले शैक्षणिक और शोध संसाधनों का एक बड़ा भंडार है, जहाँ 580 से अधिक पूर्णकालिक संकाय सदस्य और लगभग 9000 छात्र हैं।

अधिक जानकारी के लिए, www.iitk.ac.in पर जाएं।